पंडरिया में विकास कार्यों का जायजा लेने निकलीं विधायक भावना बोहरा, वनांचल में लगाई जनचौपाल

पंडरिया | पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नगर पालिका के विभिन्न वार्डों का दौरा कर सड़क, नाली, स्वच्छता, तालाब और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इसके बाद विधायक ने वनांचल ग्राम माठपुर, डालामौहा और चिंयाडांड में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में पंडरिया विधानसभा में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास एवं अधोसंरचना कार्य संचालित हैं। उन्होंने बताया कि हरिनाला पुल, पंडरिया बाईपास, नवीन नगर पालिका भवन, नालंदा लाइब्रेरी, सिविल कोर्ट भवन, मिनी स्टेडियम सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से वनांचल क्षेत्रों में सड़क, आवास, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
KT CHHATTISGARH NEWS




